मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना: लाखों महिलाओं के खातों में एक साथ पहुंचे ₹7,500, ₹274.99 करोड़ जारी

Rupa Kumari | July 8, 2026 | 12:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन ने अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को ₹7,500 की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में हस्तांतरित की गई है। जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस चरण में जिले की 3,66,664 महिलाओं को योजना का लाभ दिया गया है। इसके लिए कुल ₹274.99 करोड़ की राशि जारी की गई। प्रशासन का कहना है कि आधार आधारित DBT प्रणाली के जरिए भुगतान सीधे लाभुकों के बैंक खातों में किया गया, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित हुई।

इन प्रखंडों में सबसे अधिक लाभुक

आंकड़ों के मुताबिक योजना का सबसे अधिक लाभ कांके प्रखंड की 31,094 महिलाओं को मिला है। इसके बाद टाउन अर्बन में 25,006, मांडर में 22,885 और सिल्ली में 21,031 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा बेड़ो, चान्हो, रातू, तमाड़, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी समेत अन्य प्रखंडों की हजारों महिलाओं को भी योजना की राशि प्राप्त हुई है।

आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में पहल

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां भी पात्र लाभुकों को जल्द से जल्द योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में होटल पर छापेमारी, संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में चार लोग हिरासत में; होटल सील

बड़गाईं और ईटकी में भुगतान प्रक्रिया जारी

जिला प्रशासन के अनुसार, बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के कुछ पात्र लाभुकों के लिए भुगतान प्रक्रिया अभी जारी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सत्यापन और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होते ही इन क्षेत्रों की महिलाओं के खातों में भी राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी। योजना के तहत तीन माह की राशि एक साथ मिलने से बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है, जिससे घरेलू जरूरतों और दैनिक खर्चों में राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this news

संबंधित खबरें