कांके के पूर्व विधायक हरि राम ‘राम बाबू’ का निधन, मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने दी श्रद्धांजलि

Rupa Kumari | July 4, 2026 | 05:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कांके विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष राम बाबू का निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।राज्य के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने शनिवार को दिवंगत नेता के आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंत्री ने कहा कि राम बाबू का निधन कांग्रेस परिवार और झारखंड की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हरि राम उर्फ राम बाबू ने लंबे समय तक कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। वे झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष रहे और कांके विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्रीय विकास तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे।

यह भी पढ़ें: झारखंड की पंचायतों को 16वें वित्त आयोग से मिलेंगे 14,231 करोड़ रुपये, विकास योजनाओं को मिलेगा बल

नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव शशि भूषण राय समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। हरि राम ‘राम बाबू’ के निधन से कांग्रेस संगठन ने एक अनुभवी नेता और मार्गदर्शक को खो दिया है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।

Share this news

संबंधित खबरें