Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाकपा (माले) के राज्य सचिव मनोज भक्त ने धनबाद में कथित माफिया गतिविधियों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कोयलांचल क्षेत्र में “माफिया-राज” को वापस लाने की साजिश कर रही है और राज्य सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
निरसा क्षेत्र में दबाव और दहशत के आरोप
मनोज भक्त ने आरोप लगाया कि निरसा में एलिवेटेड हाईवे निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई मांगों जैसे निर्माण की गुणवत्ता, प्रदूषण नियंत्रण और स्थानीय युवाओं को रोजगार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विरोध को कमजोर करने के लिए क्षेत्र में डर का माहौल बनाया जा रहा है। पार्टी ने यह भी कहा कि स्थानीय विधायक अरूप चटर्जी लगातार क्षेत्रीय मुद्दों को उठाते रहे हैं, और उनके हस्तक्षेप के कारण राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

विधायक की सुरक्षा और जांच की मांग
भाकपा माले ने सरकार से मांग की है कि विधायक अरूप चटर्जी को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही राष्ट्रीय उच्चपथ प्राधिकरण (NHAI) से निर्माण कार्य में पारदर्शिता, प्रदूषण नियंत्रण और स्थानीय युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है। पार्टी नेता ने सांसद ढुल्लू महतो पर भी कई आपराधिक मामलों और कथित अवैध संपत्ति को लेकर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में एक विशेष समिति बनाकर कराई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: कदमा फायरिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
जनजागरण अभियान की घोषणा
भाकपा माले ने घोषणा की है कि वह धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र में कथित “माफिया-राज” के खिलाफ जनजागरण और युवा जागरूकता अभियान चलाएगी। पार्टी का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए यह अभियान जरूरी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

