Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हमले और हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में नामजद आरोपी भाजपा नेता नीरज सिंह ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जमशेदपुर कोर्ट में अग्रिम जमानत (एंटिसिपेटरी बेल) याचिका दायर की है।
पत्नी ने भी दाखिल की याचिका
मामले में नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने भी अदालत में आवेदन देकर पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को रिलीज करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, नीरज सिंह और उनकी पत्नी की ओर से कुल तीन अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की गई हैं। इन मामलों की पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश झा कर रहे हैं। फिलहाल अदालत में इन याचिकाओं पर सुनवाई होना बाकी है।

क्या है पूरा मामला?
27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह और प्रत्यूष आनंद पर हमला हुआ था। हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष आनंद का इलाज अभी जारी है। घटना के बाद हिमांशु सिंह के पिता की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें नीरज सिंह और डीडी बार के प्रबंधक का नाम भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: JPSC फॉरेस्ट रेंज अफसर मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, 743 अभ्यर्थी सफल
एफआईआर पर उठाए सवाल
अदालत में दाखिल याचिका में नीरज सिंह ने दावा किया है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि हमला बार के भीतर नहीं बल्कि बाहर हुआ था और उस समय पुलिस भी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी आधार पर उन्होंने एफआईआर में अपना नाम शामिल किए जाने पर सवाल उठाते हुए न्यायालय से राहत की मांग की है। यह मामला जमशेदपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर अदालत की आगामी सुनवाई और पुलिस जांच की प्रगति पर टिकी हुई है। न्यायालय के निर्णय के बाद मामले की कानूनी दिशा और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

