Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जामताड़ा पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री के आरोप में एक टोटो चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चार पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन मंडल के रूप में हुई है, जो जामताड़ा थाना क्षेत्र के कॉस्त पारा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह टोटो चालक के रूप में काम करता था और इसी की आड़ में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक टोटो चालक बाहरी क्षेत्रों से नशीला पदार्थ लाकर जामताड़ा में उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एसपी शंभू कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ वसीम राजा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को कथित रूप से ब्राउन शुगर बेचते हुए गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार पुड़िया प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया गया।

टोटो की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशे से टोटो चालक था और इसी कारण उस पर आसानी से किसी को शक नहीं होता था। आरोप है कि वह जिले के युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाने के नेटवर्क का हिस्सा था।
यह भी पढ़ें: साइबर ठगों का नया तरीका: अब दूल्हा-दुल्हन को बना रहे निशाना, शादी से पहले रिश्ते बिगाड़ने की साजिश

सिंडिकेट से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जामताड़ा थाना कांड संख्या 87/26 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

