Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित तनकोचा गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। आपसी विवाद के दौरान बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 20 वर्षीय बाहा मांझी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम राजू मांझी बताया गया है। घटना मंगलवार शाम की है। जानकारी के अनुसार, राजू मांझी मंगलवार शाम कुल्हाड़ी लेकर खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान छोटे भाई बुधराम मांझी और उसकी पत्नी बाहा मांझी ने उसे खेती करने से रोकने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में राजू मांझी ने बाहा मांझी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :रांची नगर निगम ने पहली तिमाही में वसूले 48.02 करोड़ रुपये संपत्ति कर
खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा आरोपी
घटना के बाद आरोपी राजू मांझी खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर खुद नीमडीह थाना पहुंच गया। वहां उसने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति बुधराम मांझी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता दोनों के दो-दो बच्चे हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जांच में जमीन विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था, लेकिन खेती को लेकर दोनों पक्षों में अक्सर विवाद होता रहता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

