बोकारो के जैनामोड़ में सर्राफा व्यवसायी से लूट, 1.25 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

Rupa Kumari | July 1, 2026 | 01:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र स्थित जैनामोड़ बाजार में मंगलवार देर रात एक सर्राफा व्यवसायी से हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने व्यवसायी को रोककर मारपीट की और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, जैनामोड़ बाजार स्थित मां आभूषणालय के संचालक रंजीत बरनवाल रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

हथियार दिखाकर की लूट

पीड़ित के अनुसार, एक बदमाश ने बांस की लाठी से हमला किया, जबकि दूसरे ने पिस्तौल उनकी छाती पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपराधियों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में लगभग 1.25 लाख रुपये नकद के अलावा अन्य जरूरी सामान मौजूद था।

यह भी पढ़ें: रांची नगर निगम ने पहली तिमाही में वसूले 48.02 करोड़ रुपये संपत्ति कर

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद जैनामोड़ बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में इस तरह की वारदात पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें