जमशेदपुर में ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, लूट का विरोध करने पर चापड़ से किया वार

Rupa Kumari | June 30, 2026 | 02:52 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप सोमवार देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने चालक से मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश

घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक चला रहा था और रात के समय अपने वाहन के पास मौजूद था। इसी दौरान एक वाहन से पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर पिस्टल और चापड़ दिखाकर उससे मोबाइल फोन और नकदी की मांग की। जब चालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल चालक अस्पताल में भर्ती

हमले में घायल जय प्रकाश रजक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर भागने में सफल रहा। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया।

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, गिरिडीह में कार्यरत रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की मौत

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी जारी है। पुलिस का दावा है कि जांच में जुटी टीम जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।

Share this news

संबंधित खबरें