Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बागोडीह में बीती रात एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले ट्रांसफार्मर से हल्की चिंगारी निकलती देखी गई। कुछ ही मिनटों में यह चिंगारी तेज लपटों में बदल गई और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। घटना के समय ट्रांसफार्मर के आसपास कई दुकानें खुली हुई थीं, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
यह भी पढ़ें :बिहार के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, नितिन गडकरी से मिलेंगे CM सम्राट चौधरी; 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर होगी चर्चा
बिजली आपूर्ति बंद कर टाला गया बड़ा खतरा
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को जानकारी दी। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। आसपास के दुकानदारों ने अपने स्तर पर मोटर से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल चुका था। इस दौरान एक दुकान के सामने लगा बोर्ड भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया।

बड़ा नुकसान टला, दुकानों तक नहीं फैली आग
हालांकि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों में आग नहीं फैली और एक बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी देर और होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। विभाग ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने और इलाके में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Reporter | Samachar Post

