झारखंड में अगले 5 दिनों तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे सक्रिय होता जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश की गतिविधियां बढ़ने से राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

2 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 30 जून और 1 जुलाई को कई जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। वहीं 2 जुलाई तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। पिछले दो दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में वज्रपात की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क किनारे खड़े लोगों को मारी टक्कर, आधा दर्जन से अधिक घायल

लोगों को दी गई सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों, ग्रामीणों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के और सक्रिय होने के साथ आने वाले दिनों में राज्य के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें