Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मौसम विभाग ने 30 जून से लेकर 1 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने इस दौरान ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। 30 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, पाकुड़, दुमका, साहिबगंज और गोड्डा में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें :रामगढ़: भूमि अधिग्रहण मुआवजा मामले में सीसीएल की चल संपत्ति कुर्क करने का अदालत का आदेश
1 जुलाई को रांची समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
1 जुलाई को राजधानी रांची सहित खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 60 से 100 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में ऑरेंज से येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी। शनिवार को राज्य के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू की स्थिति बनी रही, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रामगढ़ में सबसे अधिक 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश में भारी कमी, अल नीनो का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून कमजोर रहा है। 1 जून से 27 जून तक राज्य में सामान्य 160.2 मिमी के मुकाबले केवल 61.2 मिमी बारिश हुई, यानी लगभग 62% कम बारिश दर्ज की गई। रांची में भी सामान्य 168.6 मिमी के मुकाबले केवल 125.7 मिमी बारिश हुई है, जो लगभग 25% की कमी दर्शाती है।

Reporter | Samachar Post

