Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले के रंका वन क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने शुक्रवार तड़के जमकर उत्पात मचाया। बांदु चूतरू गांव में हुए हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हाथियों ने कई घरों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सुबह-सुबह गांव में पहुंचे हाथियों के झुंड ने अफरा-तफरी मचा दी। इसी दौरान डिगर मांझी नामक ग्रामीण हाथियों की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि हाथियों ने उन्हें पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में सरदार मांझी नामक एक अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड करीब दो घंटे तक गांव में रहा। इस दौरान उन्होंने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और लोगों में दहशत फैला दी। कई परिवार जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने और नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा है कि दो दिन पहले चिनियां क्षेत्र में एक हथिनी की मौत हुई थी और उसके बाद हाथियों का व्यवहार अधिक आक्रामक दिखाई दे रहा है। हालांकि वन विभाग ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

यह भी पढ़ें: दानापुर में पूर्व पार्षद के घर पर हमला, फायरिंग और धमकी देने का आरोप
ग्रामीणों में डर का माहौल
लगातार हाथियों की गतिविधियों और हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि रात के समय स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

