गोड्डा में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 03:44 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा : जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र स्थित अमरपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 32 वर्षीय होपनमय चौड़े के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने पति मनु हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पति ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

झगड़े की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि घर से विवाद की आवाज सुनाई देने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलने के बाद राजाभीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। पुलिस ने मौके से एक धोती भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए मनु हांसदा ने पत्नी की हत्या करने के आरोप से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: किताब देने के बहाने छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक को 3 साल की सजा, जामताड़ा कोर्ट का फैसला

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें