Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को चुनावी व्यवस्था और तकनीकी प्रक्रियाओं के अध्ययन के लिए रोमानिया भेजने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में वित्त विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड सरकार का दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुखारेस्ट (रोमानिया) का दौरा करेगा। इस यात्रा का उद्देश्य वहां की चुनाव प्रणाली का अध्ययन करना, चुनावी प्रक्रियाओं में तकनीक के उपयोग को समझना तथा दोनों देशों के बीच संस्थागत ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। प्रतिनिधिमंडल में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार और वित्त विभाग के अपर सचिव कर्ण सत्यार्थी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: JSSC Recruitment 2026: इंटर पास युवाओं के लिए 326 सरकारी नौकरियों का मौका, 20 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
4 से 11 जुलाई तक रहेगा दौरा
वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक दोनों अधिकारी 4 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक रोमानिया के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी गई है। आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों की यात्रा, आवास और भोजन पर होने वाला पूरा खर्च झारखंड सरकार का वित्त विभाग वहन करेगा। वहीं दैनिक भत्ता (डेली अलाउंस) का भुगतान भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। वित्त विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि प्रधान महालेखाकार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

