गिरिडीह: बालू घाट पर पुलिस की छापेमारी, भागने के दौरान पलटा ट्रैक्टर, चालक सुरक्षित

Meenu | June 25, 2026 | 04:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को मोतीलेदा बालू घाट पर अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।

यह भी पढ़ें :पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अस्पताल में भर्ती, रघुवर दास ने जाना हालचाल

ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश, हुआ हादसा

प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जब जब्त ट्रैक्टर को थाना भेजा जा रहा था, तभी चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर एक चौकीदार भी मौजूद था, जिसे सुरक्षा के मद्देनजर वाहन के साथ भेजा गया था। भागने के दौरान चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाया, लेकिन तेलोनारी गांव के समीप नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसा गंभीर हो सकता था, लेकिन राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर चालक और वाहन पर सवार चौकीदार दोनों सुरक्षित बच गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की सख्ती

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोतीलेदा बालू घाट से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के नियमों की अनदेखी कर प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का अवैध उठाव किया जाता है। इससे क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन का कारोबार फल-फूल रहा है।

कार्रवाई से बालू कारोबारियों में हड़कंप

अंचल अधिकारी द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें