Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य संबंधी कुछ जटिलताओं के कारण उन्हें मंगलवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चंपाई सोरेन के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया है।
रघुवर दास ने अस्पताल पहुंचकर लिया स्वास्थ्य का जायजा
ओडिशा के राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अस्पताल पहुंचकर चंपाई सोरेन का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अस्पताल में दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई। अस्पताल में भर्ती होने के बाद चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कुछ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है और अब उनकी स्थिति पहले से बेहतर है।

यह भी पढ़ें: पाकुड़ में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की समीक्षा बैठक, नए मतदाताओं के पंजीकरण और PVTG वर्ग की सुविधा पर जोर
जल्द लोगों के बीच लौटने की उम्मीद
चंपाई सोरेन ने अपने शुभचिंतकों और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं और जल्द ही पूरी तरह ठीक होकर जनता के बीच लौटेंगे। उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुभ संदेश भेजे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

