धनबाद में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान, 4.24 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले में 28 जून से 30 जून 2026 तक पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 0 से 5 वर्ष तक के कुल 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की सफलता को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने की। इसमें अभियान की तैयारियों और रणनीति की विस्तृत समीक्षा की गई।

यह भी पढ़ें :झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: सांप और कुत्ता काटने की दवाएं अस्पतालों में हर समय रहेंगी उपलब्ध

बूथ दिवस से होगी शुरुआत, घर-घर पहुंचेगी टीमें

सिविल सर्जन ने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

जिले में बनाए गए 1976 टीकाकरण केंद्र

अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में व्यापक व्यवस्था की गई है। कुल 1976 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शामिल हैं—

  • 1873 स्थायी बूथ
  • 79 ट्रांजिट बूथ
  • 16 मोबाइल टीमें
  • विशेष 8 सदस्यीय टीमें

इसके अलावा अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे, ताकि टीकाकरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।

दवा की गुणवत्ता और आपूर्ति पर विशेष ध्यान

पोलियो वैक्सीन की उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 137 सब-डिपो बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्तरों पर दवा की पर्याप्त आपूर्ति और सुरक्षित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि 28 जून की सुबह 8 बजे सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से अभियान की शुरुआत की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक

बैठक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. दीपक कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डीपीसी रेखा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

संबंधित खबरें