रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: NH-23 पर बस और ऑटो की टक्कर, दो की मौत, दो गंभीर

Meenu | June 25, 2026 | 11:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित बारलोंग में NH-23 पर बस और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुकरीगढ़ा निवासी रिया कुमारी (करीब 20 वर्ष) और ऑटो चालक के रूप में हुई है। ऑटो चालक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं हादसे में घायल रविरंजन भारती और अमित कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें :नामकुम-डोरंडा फोरलेन परियोजना को मिली 162.82 करोड़ की मंजूरी, दो साल में पूरा करने का लक्ष्य

तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, ओम ट्रावेल्स की बस (JH04R0737) रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी। इसी दौरान बारलोंग स्थित सम्राट होटल के समीप सामने से आ रहे ऑटो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी रिया

बताया जा रहा है कि रिया कुमारी किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑटो से रामगढ़ जा रही थी। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गई। वहीं घायल रविरंजन भारती और अमित कुमार रेलवे के कार्य से मुरी गए थे और काम पूरा करने के बाद पतरातू लौट रहे थे। वापसी के दौरान उनका ऑटो दुर्घटना की चपेट में आ गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें