Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत अचानक खराब होने के बाद उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया है। मंगलवार देर रात स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कर निगरानी में रखा।
104 डिग्री बुखार और लो बीपी की शिकायत
विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव के अनुसार, पूर्णिमा साहू मंगलवार को कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। दिनभर की व्यस्तता के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल में जांच के दौरान उन्हें 104 डिग्री बुखार और लो ब्लड प्रेशर (बीपी) पाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में वायरल फीवर की आशंका जताई है। साथ ही अत्यधिक थकान को भी स्वास्थ्य गिरने का एक कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: शादी के तीन महीने बाद विवाहिता ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति समेत चार पर शिकायत

फिलहाल स्वास्थ्य स्थिर
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, विधायक की स्थिति फिलहाल स्थिर है। हालांकि बेहतर चिकित्सकीय निगरानी और आवश्यक उपचार के लिए उन्हें सीसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर जरूरी जांच की जा रही है। विधायक की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद उनके ससुर और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर पूर्णिमा साहू के स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज की प्रगति पर चर्चा की। परिवार और समर्थकों ने विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

