पुणे में मंगेतर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, प्रेमी संग मिलकर रची साजिश

Rupa Kumari | June 23, 2026 | 04:52 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रारंभिक तौर पर हादसा बताई जा रही घटना अब कथित हत्या की साजिश के रूप में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या की योजना बनाई और उसे किले से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान केतन अग्रवाल के रूप में हुई है, जिनकी हाल ही में सिया गोयल से सगाई हुई थी। घटना 18 जून को लोहगढ़ किले में हुई थी, जहां दोनों घूमने गए थे।

हादसे की कहानी पर परिजनों को हुआ शक

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सिया गोयल ने परिजनों को फोन कर बताया था कि केतन किले से फिसलकर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि मृतक के परिजनों और दोस्तों को इस कहानी पर संदेह हुआ। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि केतन एक अनुभवी ट्रेकर थे, इसलिए सामान्य परिस्थितियों में उनके फिसलकर गिरने की संभावना कम मानी जा रही थी। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें: हाता-चाईबासा मार्ग पर सड़क हादसा, स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत

जांच में सामने आया प्रेम संबंध का एंगल

जांच के दौरान पुलिस को चेतन चौधरी नामक युवक के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन पिछले करीब एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन इसी बीच सिया की सगाई केतन अग्रवाल से हो गई थी। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और पूर्व नियोजित योजना के तहत उन्हें लोहगढ़ किले ले जाकर धक्का दे दिया।

सोशल मीडिया पर लिखा भावुक संदेश

मामले का एक और पहलू तब सामने आया जब पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट में उसने केतन के निधन पर दुख जताते हुए कई भावनात्मक बातें लिखी थीं, जिससे शुरुआत में घटना को दुर्घटना मानने की धारणा बनी रही। पुलिस ने इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस सभी साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें