Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र स्थित डायमंड सिटी में जनगणना करने के बहाने घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित पालधारी यादव के परिवार का आरोप है कि करीब 10 लोग जनगणना करने के नाम पर उनके घर में दाखिल हुए। घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी और तोड़फोड़ भी की।
यह भी पढ़ें :बिस्वासडीह जंगल में मिला लापता युवक का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हिम्मत दिखाकर एक आरोपी को पकड़ा
हमले में गृहस्वामी पालधारी यादव और उनकी पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर हमला किया। मारपीट के दौरान पालधारी यादव ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।

Reporter | Samachar Post

