रांची: तुपुदाना में महिला का शव मिलने से सनसनी, गैंगरेप की आशंका में 3 लोग हिरासत में

Meenu | June 23, 2026 | 11:28 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में चाट-फुचका बेचने वाली एक महिला का शव मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यौन उत्पीड़न की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

यह भी पढ़ें :रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 18.66 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

मोबाइल लोकेशन के आधार पर 3 लोग हिरासत में

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में पता चला है कि घटना के समय इन लोगों के मोबाइल फोन की लोकेशन घटनास्थल के आसपास थी। हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी लोगों ने घटना में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। पुलिस को प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यौन उत्पीड़न की आशंका के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर मामले की जांच को और गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार का सहारा थी मृतका

जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका अरगोड़ा क्षेत्र में चाट-फुचका का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। महिला की मौत के बाद परिवार सदमे में है।

कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले महिला किन-किन लोगों के संपर्क में थी और क्या उनमें से किसी का इस मामले से कोई संबंध है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Share this news

संबंधित खबरें