Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित गांधी नगर मोहल्ले में एक किराए के मकान से महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान रितिका रानी देवी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतका की मां मंजू देवी ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार, रितिका की यह दूसरी शादी थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वे तत्काल देवघर पहुंचीं।
बच्ची के बयान के आधार पर जांच
मकान मालिक सोनू कुमार के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कमरे की लाइट जलती देख उन्हें संदेह हुआ। इसी दौरान मृतका की मां भी वहां पहुंचीं। घर के अंदर मौजूद छोटी बच्ची रो रही थी। परिजनों का दावा है कि बच्ची ने बताया कि रात में उसके पिता घर आए थे और माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका का पति अजय कुमार घटना के बाद से घर पर नहीं है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: पलामू में मंदिर से बाहर निकलते ही ठेकेदार पर फायरिंग, भतीजे पर गोली मारने का आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
नगर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

