Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : मानसून के आगमन से पहले जामताड़ा जिले की किसान दीदियों को खेती के लिए बड़ी राहत मिली है। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और सहकारिता विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के सभी छह प्रखंडों में सखी मंडल (SHG) से जुड़ी महिलाओं को उन्नत किस्म का धान बीज उपलब्ध कराया गया है। ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली इस पहल के तहत रिकॉर्ड समय में 332.5 क्विंटल (33.25 टन) MTU-7029 किस्म का धान बीज उपलब्ध कराया गया है। बीज वितरण ऐसे समय में किया जा रहा है, जब खरीफ फसल की बुवाई और रोपाई की तैयारी अपने चरम पर है।
50 प्रतिशत सब्सिडी से किसानों को राहत
सरकार की ओर से इस उन्नत धान बीज पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इससे किसान महिलाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और वे समय पर खेती का कार्य शुरू कर सकेंगी। अधिकारियों के अनुसार, गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता से उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी और किसानों की आय में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।
सभी प्रखंडों में विशेष वितरण कार्यक्रम
बीज वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए जामताड़ा सदर, नाला, फतेहपुर, नारायणपुर और कुंडहित समेत विभिन्न क्लस्टरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसान दीदियों को बीज वितरित किए गए। वितरण व्यवस्था का संचालन क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के माध्यम से किया गया, जिससे प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सका।

आजीविका और महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बल
अधिकारियों का कहना है कि यह पहल केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। JSLPS के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) राहुल रंजन और सहकारिता विभाग के जिला सहकारिता पदाधिकारी (DCO) सुजीत सिंह के समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया।
यह भी पढ़ें: विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत: राज्यपाल संतोष गंगवार
खरीफ सीजन में मिलेगा लाभ
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून से पहले उन्नत बीजों की उपलब्धता किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर बुवाई और रोपाई से फसल उत्पादन बेहतर होने की संभावना बढ़ जाती है। जिले में बड़ी संख्या में किसान दीदियों तक उन्नत बीज पहुंचने से न केवल कृषि गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

