लोहरदगा में दर्दनाक हादसा: शादी में जा रहे तीन भाई-बहनों को बॉक्साइट लदे ट्रक ने रौंदा, तीनों की मौत

Rupa Kumari | June 20, 2026 | 02:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा : जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत हो गई। मिशन चौक के समीप तेज रफ्तार बॉक्साइट लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार तीनों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भाई ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के पुत्र रोहित कुमार साहू (25) और उनकी दो बेटियों सपना कुमारी तथा सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों भाई-बहन कृषि मार्केट के पास स्थित तेली धर्मशाला में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

ट्रक की टक्कर से बिछड़ गया पूरा परिवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों स्कूटी से विवाह स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेन्हा की ओर से आ रहे बॉक्साइट लदे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सपना और सृष्टि की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।वहीं गंभीर रूप से घायल रोहित कुमार साहू को तत्काल इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। फिलहाल फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी करने और शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की।

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में आधार केंद्र पर बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, क्लोन फिंगरप्रिंट से आधार बनाने वाला युवक गिरफ्तार

बॉक्साइट ढुलाई व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद लोगों ने शहर में चल रही बॉक्साइट ढुलाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर से गुजरने वाले भारी वाहनों की नियमित जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ट्रक अनुभवी चालकों द्वारा ही संचालित किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से लोग स्तब्ध हैं।

Share this news

संबंधित खबरें