Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :नगर परिषद क्षेत्र में स्थित आवासीय परिसर और बाजार के बीच कचरा डंपिंग स्थल से स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है। वार्ड 12 के गुलजार गली बाजार टांड पथ में बने डंपिंग पॉइंट को लेकर अब लोगों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ‘रिंकू’ ने शुक्रवार को उपायुक्त (DC) कंचन सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि शहर में एकत्रित कचरा इसी स्थान पर डंप किया जा रहा है, जो घनी आबादी वाले क्षेत्र के बीच स्थित है। नगर उपाध्यक्ष ने कहा कि इस कचरा डंपिंग स्थल के आसपास कई आवासीय घर मौजूद हैं, जिससे स्थानीय लोगों को लगातार बदबू और अस्वच्छ माहौल का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें :पटना के कोचिंग संस्थान होंगे शहर से बाहर शिफ्ट, सम्राट चौधरी ने किया बड़े कोचिंग हब का ऐलान
लोगों के स्वास्थ्य पर खतरे की आशंका
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लगातार गंदगी और बदबू से बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से इस समस्या का समाधान नहीं किया गया है, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

साप्ताहिक बाजार क्षेत्र होने से बढ़ी समस्या
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर कचरा डंपिंग की जा रही है, वहां सिमडेगा का बड़ा साप्ताहिक बाजार (सोमवार और गुरुवार) भी लगता है। इस बाजार में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कचरे और गंदगी के कारण ग्रामीणों और व्यापारियों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। नगर परिषद उपाध्यक्ष ने उपायुक्त से मांग की है कि इस डंपिंग स्थल को जल्द से जल्द किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
प्रशासन की सकारात्मक पहल का आश्वासन
उपायुक्त कंचन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों की समस्याओं पर विचार करने और उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने कहा है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

