झारखंड में मौसम का बड़ा बदलाव, रांची समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 11:08 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद मौसम विभाग ने 18 और 19 जून को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 और 19 जून के लिए झारखंड के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर बाद मौसम तेजी से बदल सकता है और कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की घटनाओं की भी आशंका है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

रांची में मिलेगी गर्मी से राहत

राजधानी रांची में अगले दो दिनों तक मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 जून को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

20 जून तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जून को भी झारखंड के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026: दो सीटों के लिए मतदान शुरू, शाम तक आएंगे नतीजे

जून में सामान्य से 56 प्रतिशत कम बारिश

मॉनसून सीजन की शुरुआत के बावजूद झारखंड में जून महीने में अब तक अपेक्षित बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 17 जून के बीच राज्य में सामान्य से 56 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां औसतन 67 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं वास्तविक वर्षा इससे काफी कम रही। कम बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है और अब सभी की नजर मॉनसून की आगामी गतिविधियों पर टिकी है।

Share this news

संबंधित खबरें