झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026: दो सीटों के लिए मतदान शुरू, शाम तक आएंगे नतीजे

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 11:01 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया है। विधानसभा भवन के कक्ष संख्या 142 में विधायक बैलेट पेपर के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। देर शाम तक दोनों सीटों के परिणाम घोषित होने की संभावना है।

विधानसभा परिसर में बढ़ी राजनीतिक हलचल

राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। विभिन्न दलों के विधायक निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उन्हें पर्याप्त विधायकों का समर्थन प्राप्त है और परिणाम उनके पक्ष में आएंगे।

तीन उम्मीदवार, दो सीटों पर सीधा मुकाबला

इस बार राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, उद्योगपति और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी भी चुनाव लड़ रहे हैं। इन तीनों उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला झारखंड विधानसभा के 81 विधायक करेंगे। मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले झारखंड में सियासी हलचल तेज, क्रॉस वोटिंग पर बढ़ी नजर

महागठबंधन का पलड़ा भारी

विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से महागठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। जेएमएम, कांग्रेस, राजद और भाकपा (माले) के कुल 56 विधायक गठबंधन के साथ हैं। इनमें जेएमएम के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और भाकपा (माले) के 2 विधायक शामिल हैं। दूसरी ओर, एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं। ऐसे में आंकड़ों के आधार पर महागठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है, हालांकि निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की मौजूदगी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।

दोनों खेमों ने ठोकी जीत की ताल

भाजपा के पार्टी एजेंट अमर कुमार बाउरी ने दावा किया है कि निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को 35 विधायकों का समर्थन प्राप्त है और उनकी जीत तय है। वहीं भाकपा (माले) के एजेंट हलधर प्रसाद और गीता मंडल ने दावा किया कि महागठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा मतदान समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम तक दोनों राज्यसभा सीटों के विजेताओं के नाम सामने आ जाएंगे। फिलहाल पूरे राज्य की नजर इस चुनाव के नतीजों पर टिकी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें