गुमला में 9 महीने पुराने लापता युवक का कंकाल बरामद, हत्या के आरोप में तीन दोस्त गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 16, 2026 | 04:25 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : जिले के जारी थाना क्षेत्र में नौ महीने से लापता युवक मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। कटिंबा गांव निवासी 27 वर्षीय विनय तिग्गा की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, विनय तिग्गा 1 अक्टूबर 2025 को घर से यह कहकर निकला था कि वह फुटबॉल मैच देखने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जारी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

गुप्त सूचना से हुआ मामले का खुलासा

करीब नौ महीने बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विनय की हत्या उसके ही कुछ दोस्तों ने कर दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पहले आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन विनय अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे बढ़ गया और मारपीट में बदल गया। इसी दौरान दोस्तों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।

यह भी पढ़ें: गुमला में बुजुर्ग की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

शव कुएं में फेंका गया, कंकाल बरामद

आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को बंझर डांटोली स्थित एक कुएं में फेंक दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कुएं से मानव कंकाल बरामद किया। बरामद अवशेषों को पहचान और वैज्ञानिक जांच के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद जल्द ही आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया जाएगा। इस घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें