Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कालू बागान में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों पर चापड़ से हमला कर दिया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान बिरसानगर जोन नंबर-7 निवासी सरबजीत सिंह और उसके भाई अमर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बाइक में पेट्रोल भरवाकर अपनी नानी के घर जा रहे थे, तभी कालू बागान इलाके में उन्हें रोककर हमला किया गया।
गाली-गलौज के बाद चापड़ से वार का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी आदित्य सिंह ने पहले दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज की और फिर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का यह भी दावा है कि आरोपी पहले भी टेल्को क्षेत्र में एक चापड़ हमले के मामले में वांछित रहा है। घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को लेकर सिदगोड़ा थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें: गुमला में अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, एक ही परिवार के 6 लोग घायल; दो की हालत गंभीर
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दौरान कहासुनी के बाद मामला हिंसक हो गया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

