गुमला में अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, एक ही परिवार के 6 लोग घायल; दो की हालत गंभीर

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। यह हादसा हुड़राटोली के पास उस समय हुआ जब एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक ही परिवार के सदस्य थे सवार

हादसे में सिलाफारी निवासी मनी साहू (35) और रांची निवासी दो वर्षीय रियांश साहू सहित कुल छह लोग घायल हो गए। मनी साहू का पैर टूट गया है, जबकि मासूम रियांश के पैर में गंभीर चोट आई है। बाकी चार सदस्यों को हल्की चोटें लगी हैं। सभी घायलों को तुरंत गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

शादी समारोह से लौटते समय हादसा

बताया गया कि पूरा परिवार पालकोट में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग ऑटो से रांची लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उनकी तत्परता से सभी घायलों को समय पर उपचार मिल सका।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में कांडों के निष्पादन में लापरवाही पर सख्ती, तीन थाना प्रभारियों को एसपी ने थमाया शोकॉज नोटिस

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और माना जा रहा है कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ।

Share this news

संबंधित खबरें