Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दुलाडीह गांव के तीन युवकों पर आरोप है कि वे महिला को बहला-फुसलाकर काशीडीह स्थित एक जंगल क्षेत्र में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पीड़िता के बयान के आधार पर जामताड़ा थाना में कांड संख्या 77/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलाडीह गांव निवासी नरेश महतो, निवास महतो और बिलु महतो के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें: परिमल नथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग, विधानसभा के बाहर कांग्रेस का धरना
पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संवेदनशील जानकारी को साझा नहीं करने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
