Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार के पूर्णिया जिले में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मीरगंज थाना क्षेत्र के टोटहा बघवा गांव में एक 46 वर्षीय महिला को घर से जबरन ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में खाना बना रही थी महिला
मृतका की पहचान होपनमय देवी के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय जगल सोरेन की पत्नी थीं। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार शाम महिला अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और कथित रूप से उसे जबरन अपने साथ ले गया। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी महिला को गांव के एक सुनसान इलाके में ले गया। कुछ समय बाद महिला मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परमानंद हंसदा को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: 9 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।