9 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

Rupa Kumari | June 5, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वर्ष 2017 से फरार चल रहे आरोपी लक्ष्मण लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। बिशुनपुर थाना में पदस्थापित एसआई कामु पासवान ने बताया कि सियारटोली निवासी लक्ष्मण लोहार के खिलाफ चोरी और मारपीट का मामला दर्ज था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश में काम करने के बाद वह अपने गांव लौट आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाकर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

पुलिस टीम जब सियारटोली स्थित उसके घर पहुंची तो आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की गई, जिसमें मामले से जुड़े कई तथ्यों की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुल निर्माण स्थल पर रंगदारी मांगने का आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मण लोहार हाल ही में बिशुनपुर क्षेत्र में चल रहे एक पुल निर्माण स्थल पर अपने दो साथियों के साथ पहुंचा था। उस पर ठेकेदार से रंगदारी या लेवी मांगने का आरोप है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: 4 दिन से लापता हैं 12 वर्षीय जुड़वां भाई, परिवार बेहाल, पुलिस जांच में जुटी

ठेकेदार ने नहीं दी लिखित शिकायत

बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि रंगदारी मांगने की सूचना पुलिस को मिली थी, लेकिन संबंधित ठेकेदार की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने इसे लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के रूप में बड़ी सफलता माना है।

Share this news

संबंधित खबरें