Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची में दो मासूम बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार बाजार इलाके से 12 वर्षीय जुड़वां भाई पिछले चार दिनों से गायब हैं। परिवार ने अपने स्तर पर हर संभव तलाश की, लेकिन अब तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।
यह भी पढ़ें :टाटा स्टील ग्रेड रिवीजन: MGB पर नहीं बनी सहमति, HRA और नाइट शिफ्ट अलाउंस बढ़ाने पर सकारात्मक चर्चा
घर से निकले और फिर नहीं लौटे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, लापता बच्चों की पहचान करण शर्मा और अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। दोनों जुड़वां भाई हैं और उनके पिता का नाम विकास शर्मा है। परिजनों के मुताबिक, 1 जून 2026 को दोपहर करीब 2 बजे दोनों बच्चे घर से बाहर निकले थे। शुरुआत में परिवार को लगा कि वे आसपास खेलने गए होंगे और कुछ देर में वापस आ जाएंगे। लेकिन देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। अब चार दिन बीत जाने के बावजूद दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है।
मां ने पुलिस से लगाई बेटों को खोजने की गुहार
बच्चों की मां डोली देवी ने धुर्वा थाना पहुंचकर सनहा दर्ज कराया है और पुलिस से जल्द से जल्द दोनों बच्चों को खोजने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पहले भी दोनों बच्चे कभी-कभी घर से बाहर चले जाते थे, लेकिन एक-दो दिनों के भीतर वापस लौट आते थे। इस बार लंबे समय तक घर नहीं लौटने से परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है। मां का कहना है कि पूरा परिवार बच्चों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है और हर सूचना पर नजर बनाए हुए है।
रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी की गई तलाश
बच्चों के लापता होने के बाद परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर भी उनकी तलाश की गई। परिजनों का कहना है कि अपनी ओर से हर संभव प्रयास करने के बावजूद दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। अब परिवार की उम्मीद पुलिस जांच और आम लोगों के सहयोग पर टिकी हुई है।
पुलिस जुटा रही सुराग, लोगों से मांगी मदद
मामले की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बच्चों के परिचितों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को करण शर्मा और अर्जुन शर्मा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल धुर्वा थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। चार दिनों से बच्चों के लापता रहने के कारण परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर का माहौल पूरी तरह गमगीन बना हुआ है। स्थानीय लोग भी बच्चों की तलाश में परिवार का सहयोग कर रहे हैं और दोनों भाइयों के जल्द सुरक्षित मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
Reporter | Samachar Post