Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले ने कृषि निर्यात के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। जिले में उत्पादित आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक निर्यात खेप यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के लिए रवाना की गई। इस खेप में 1322 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले आम्रपाली आम शामिल हैं, जिन्हें किसानों से 42 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर खरीदा गया है। इससे किसानों को स्थानीय बाजार की तुलना में बेहतर कीमत मिली है।
महिला एफपीओ और एपीडा की अहम भूमिका
यह निर्यात पहल बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत मनरेगा और जेएसएलपीएस के अभिसरण से संभव हुई है। इस अभियान में महिला जागृति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (सिमडेगा सदर) और बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (बानो) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्यात प्रक्रिया एपीडा (APEDA) के मार्गदर्शन और समर्थन में पूरी की जा रही है।
डीसी कंचन सिंह ने दिखाई हरी झंडी
कोलकाता एयरपोर्ट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान आम्रपाली आम की पहली खेप को वर्चुअल माध्यम से लंदन के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने कोलकाता में मौजूद प्रतिनिधियों और दोनों किसान उत्पादक कंपनियों की महिला सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने निर्यात प्रक्रिया, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों और किसानों को होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी ली। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक, मनरेगा के परियोजना पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: विश्व पर्यावरण दिवस पर पाकुड़ में पौधारोपण और मैराथन का आयोजन, अधिकारियों ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा के किसानों, खासकर महिला कृषक समूहों द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में बेहतर मूल्य मिलने से किसानों की आय बढ़ेगी और जिले के अन्य कृषि उत्पादों के लिए भी विदेशों में नए अवसर खुलेंगे। यह पहल न केवल सिमडेगा बल्कि पूरे झारखंड के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।