Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची में शनिवार को हुई बारिश और तेज हवाओं के बीच डोरंडा इलाके में एक बड़ा पेड़ बिजली की हाई-टेंशन लाइन पर गिर गया। यह घटना नीलम कॉम्प्लेक्स स्थित मंदिर के सामने हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पेड़ गिरने से बिजली की हाई-टेंशन लाइन के साथ-साथ लो-टेंशन (एलटी) केबल भी क्षतिग्रस्त हो गई। भारी डालियां तारों पर गिरते ही बिजली लाइन ट्रिप कर गई, जिससे इलाके की विद्युत आपूर्ति तत्काल बाधित हो गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें :झारखंड टी-20 प्रीमियर लीग का रोमांच शुरू, आज होगी खिलाड़ियों की नीलामी
डोरंडा बाजार और एजी मोड़ क्षेत्र में बिजली संकट
बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर डोरंडा बाजार, एजी मोड़ और आसपास के इलाकों में देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, चार से पांच ट्रांसफार्मरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली सेवा ठप हो गई, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रभावित हुए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के आपातकालीन नंबर 1912 पर सूचना दी और एहतियात के तौर पर बिजली कटवाई। इसके अलावा नगर निगम और संबंधित कार्यपालक अभियंता को भी मामले की जानकारी दी गई, जिससे राहत एवं मरम्मत कार्य तेजी से शुरू किया जा सका।
पेड़ हटाने और बिजली बहाली का काम जारी
सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। पेड़ को काटकर हटाने और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक राहत और मरम्मत कार्य जारी था।
Reporter | Samachar Post