Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर: झारखंड क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में शुमार झारखंड टी-20 प्रीमियर लीग का आगाज शनिवार को खिलाड़ियों की नीलामी के साथ होने जा रहा है। दोपहर 1 बजे से शुरू होने वाली इस ऑक्शन में छह फ्रेंचाइजी 264 खिलाड़ियों पर दांव लगाएंगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कौन-सा खिलाड़ी सबसे महंगा बिकेगा और किस टीम का हिस्सा बनेगा। नीलामी के लिए सात खिलाड़ियों को आइकन प्लेयर की श्रेणी में रखा गया है। इनमें ईशान किशन, रॉबिन मिंज, कुमार कुशाग्र, उत्कर्ष सिंह, अनुकूल रॉय, सुशांत मिश्रा और विराट सिंह शामिल हैं। सभी आइकन खिलाड़ियों का बेस प्राइस 4 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
264 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
इस बार की नीलामी में कुल 264 खिलाड़ी शामिल हैं, जिन पर छह फ्रेंचाइजी बोली लगाएंगी। ऑक्शन के दौरान टीमों की रणनीति और खिलाड़ियों की मांग चर्चा का केंद्र रहेगी। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाने को लेकर फ्रेंचाइजी प्रबंधन खास तैयारी के साथ उतर रहे हैं। आइकन खिलाड़ियों के अलावा 21 क्रिकेटरों को मार्की प्लेयर श्रेणी में रखा गया है। इन खिलाड़ियों का आधार मूल्य 2 लाख रुपये तय किया गया है। इस सूची में झारखंड के कई रणजी क्रिकेटर शामिल हैं, जिनमें सबसे अधिक नौ खिलाड़ी रांची से हैं।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी बनेंगे स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर, मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की इस महत्वाकांक्षी लीग से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को पेशेवर क्रिकेट की ओर बढ़ने का मजबूत मंच प्रदान करेगा। अब सभी की नजरें नीलामी प्रक्रिया पर हैं, जहां खिलाड़ियों की कीमत, टीमों की रणनीति और संभावित बड़े सौदों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। ऑक्शन के साथ ही झारखंड टी-20 प्रीमियर लीग के पहले संस्करण का रोमांच भी शुरू हो जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।