जामताड़ा में अकीदत और सौहार्द के साथ मनाई गई बकरीद, अमन-चैन की मांगी गई दुआ

Rupa Kumari | May 28, 2026 | 04:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व धार्मिक उत्साह, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। त्याग और समर्पण के प्रतीक इस पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिलेभर के ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर अकीदत के साथ नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन, शांति तथा खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। जिले के विभिन्न इलाकों में पर्व को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला।

ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़

जामताड़ा शहर के न्यू टाउन स्थित ईदगाह समेत पाकडीह, सरखेलडीह, मियांडीह, बुधुडीह, नाड़ाडीह, बेवा, धनबाद, चिरूनबांध, शहरपुरा, मोहड़ा और पोसोई सहित जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाह पहुंचे और पूरे श्रद्धा भाव के साथ नमाज अदा की। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाइयां दीं और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। घरों में सेवइयां, मिठाइयां और कई तरह के पकवान बनाए गए।

कुर्बानी आत्मा को शुद्ध करने का माध्यम

पाकडीह और सरखेलडीह ईदगाह में नमाज के दौरान इमाम मौलाना अख्तर रजा ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, बलिदान और संयम का पर्व है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी आत्मा को शुद्ध करने का एक माध्यम है और इसमें दिखावे की भावना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों को इंसानियत, शांति और भाईचारे का संदेश देते हुए आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

यह भी पढ़ें: विधान परिषद चुनाव से पहले एक्टिव हुए नीतीश कुमार, जदयू कार्यालय पहुंचकर उम्मीदवारों पर मंथन

प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट

बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले के सभी प्रमुख ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने खुद शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वे न्यू टाउन स्थित ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा कर रहे लोगों से मिलकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में पर्व मनाने की अपील की। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

भाईचारे की दिखी मिसाल

बकरीद के मौके पर सभी समुदायों के लोगों ने मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। जिलेभर में आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता की मिसाल देखने को मिली। लोगों ने कहा कि ईद-उल-अजहा समाज को प्रेम, भाईचारे और इंसानियत के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

Share this news

संबंधित खबरें