गिरिडीह के गावां हाट में छेड़खानी के आरोप पर युवक की चप्पलों से पिटाई

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के गावां हाट बाजार में एक युवक पर महिला से कथित छेड़खानी और बदसलूकी का आरोप लगने के बाद जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि बाजार में खरीदारी के दौरान युवक ने एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद वहां मौजूद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के विरोध करने पर आसपास की अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और युवक को पकड़कर चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

लोगों ने कराया बीच-बचाव

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह युवक को महिलाओं के बीच से बाहर निकाला। घटना के बाद बाजार में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पूरी घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं युवक की चप्पलों से पिटाई करती नजर आ रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग मामला शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद बवाल, युवक की मौत पर लोगों ने किया रोड जाम

पुलिस ने कहा- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

मामले को लेकर गांवा थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और घटना की सूचना पुलिस को मिली है। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें