Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: कोयलांचल धनबाद इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। आसमान से बरसती आग और तेज गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले वर्ष 2022 में धनबाद का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं इस बार न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
दोपहर में सुनसान हुई सड़कें
सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर शहर में देखने को मिला। दोपहर होते-होते धनबाद की सड़कों और बाजारों में सन्नाटा छा गया। बैंक मोड़, सरायढेला, हीरापुर समेत कई प्रमुख बाजारों में आम दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। सड़क पर निकलने वाले ज्यादातर लोग सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर चलते नजर आए। भीषण गर्मी के बीच जूस, शरबत, ठंडे पेय और पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। वहीं गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें: रिम्स जमीन घोटाला मामले में दो आरोपियों की जमानत पर सुनवाई टली, अब 3 जून को होगी सुनवाई
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।