Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच साकची थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजादनगर निवासी शमशाद आलम और मानगो निवासी अरुण मुखर्जी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी की पांच बाइक बरामद की हैं। बरामद बाइकें शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इनमें दो बाइक शमशाद के पास से और तीन बाइक अरुण के पास से मिलीं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नंबर प्लेट बदलकर छिपाते थे पहचान
मामले का खुलासा करते हुए ललित मीणा ने बताया कि आरोपी चोरी की बाइकों का नंबर प्लेट बदल देते थे। साथ ही इंजन और चेसिस नंबर मिटाकर वाहनों की पहचान छिपाने की कोशिश करते थे। 20 मई को करीम सिटी कॉलेज के पास हुई बाइक चोरी की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह की जानकारी मिली। जांच के क्रम में सबसे पहले शमशाद आलम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अरुण मुखर्जी की संलिप्तता की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। पुलिस के अनुसार शमशाद बाइक चोरी करने में माहिर था, जबकि अरुण चोरी की बाइकों को कम कीमत में बेचने का काम करता था। चोरी की जो बाइकें नहीं बिकती थीं, उन्हें स्क्रैप में खपा दिया जाता था।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा के डेराडीह गांव में जल संकट गहराया, दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
पांच बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्रो और सुपर स्प्लेंडर समेत कुल पांच बाइक बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से शहर में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।