Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची में चेन स्नैचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला किशोरगंज चौक इलाके का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन और झुमके छीन लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी। जब वह किशोरगंज चौक के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश पहले से महिला पर नजर रखे हुए थे।
झपट्टा मारकर चेन और झुमके लेकर फरार
जैसे ही महिला सड़क किनारे अकेली दिखी, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन और कान के झुमके छीन लिए। पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में हो गई और आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई और कुछ देर तक सदमे में वहीं खड़ी रही। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग और मॉर्निंग वॉक करने वाले वहां पहुंचे। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे।
यह भी पढ़ें: पलामू बस स्टैंड के पास भीषण आग, तीन दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
इलाके में बढ़ा डर का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोरगंज चौक और आसपास के इलाकों में सुबह बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने खासकर महिलाओं में डर का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने बताया कि पिछले कुछ समय से शहर में चेन स्नैचिंग और मोबाइल छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधी सुबह और शाम के समय कम भीड़ वाले इलाकों को निशाना बना रहे हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और मॉर्निंग वॉक करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।