Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज: उधवा झील पक्षी आश्रयणी में वन विभाग ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर संरक्षित क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर वन्यजीवों और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वन विभाग की टीम नियमित गश्ती अभियान पर थी। इसी दौरान अधिकारियों ने एक व्यक्ति को नाव के जरिए पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में प्रवेश कर जाल लगाते हुए देखा। वन विभाग के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर वन्यजीवों और वन उत्पादों को नुकसान पहुंचा रहा था।
वन विभाग को देखकर भागने लगा आरोपी
टीम को देखते ही आरोपी नाव लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन वनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। मौके से नाव और जाल जब्त कर तालझारी वन क्षेत्र कार्यालय लाया गया। वन विभाग ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति पहले भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल रह चुका है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: OLX पर अपनी ही चोरी हुई बाइक देख दंग रह गया मालिक, नंबर बदलकर बेचने की थी तैयारी
संरक्षित क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उधवा झील पक्षी आश्रयणी जैसे संरक्षित क्षेत्रों में अनाधिकृत प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन्यजीवों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में प्रभारी वनपाल राणा रंजीत, प्रधान वनरक्षी अखिलेश मरांडी, प्रेम कुमार, पप्पू कुमार और अन्य वनकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।