Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र से बाइक चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चोरी हुई बाइक की तलाश में जुटा युवक अपनी ही मोटरसाइकिल को OLX पर बिक्री के लिए देखकर चौंक गया। मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील कर्मी रजनीकांत मिश्रा की पैशन प्रो बाइक 13 मई को केरिम्स सिटी कॉलेज के पास से चोरी हो गई थी। ड्यूटी से लौटने पर जब उन्होंने बाइक गायब देखी तो तुरंत साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक बाइक ले जाते हुए नजर आया, लेकिन शुरुआती जांच में कोई बड़ा सुराग नहीं मिल पाया।
OLX पर दिखी अपनी ही बाइक
इसी बीच रजनीकांत मिश्रा सेकेंड हैंड बाइक की तलाश में OLX देख रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति से संपर्क हुआ, जिसने बाइक दिखाने के लिए उन्हें चायपत्ती स्थित सोया ऑटो बुलाया। मौके पर पहुंचते ही रजनीकांत की नजर एक पैशन प्रो बाइक पर पड़ी और जांच करने पर पता चला कि वह उनकी ही चोरी हुई मोटरसाइकिल है। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी। इतना ही नहीं, चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी ताकि बाइक की असली पहचान छिपाई जा सके।
यह भी पढ़ें: झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी तेज, प्रदीप बलमुचू ने सीट बंटवारे पर जल्द फैसले की मांग की
पुलिस ने शुरू की गिरोह की जांच
मामले की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक बेचने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे वाहन चोरी और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बिक्री करने वाला बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।