गढ़वा में बिरसा हरित ग्राम योजना से किसानों की बढ़ी आमदनी, आम बागवानी बनी सहारा

Rupa Kumari | May 22, 2026 | 01:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: गढ़वा जिले में मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। आम बागवानी से किसानों की आय बढ़ रही है और जिले में तैयार हो रहे बागानों में इस बार अच्छी पैदावार देखने को मिल रही है। फल उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से खरीदार-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न बागानों से लाए गए आमों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।

किसानों को बाजार से जोड़ने की पहल

कार्यक्रम की अध्यक्षता डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने की। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आयोजित “बायर-सेलर मीट” का उद्देश्य किसानों और फल उत्पादकों को बाजार से जोड़ना तथा बिक्री के लिए संस्थागत समन्वय मजबूत करना था। इस मौके पर जिले के सभी प्रखंडों से बागवानी योजना के लाभुक, एफपीओ प्रतिनिधि, पलाश समूह के सदस्य, प्रदान संस्था के कर्मी और मनरेगा से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में किसानों ने कहा कि बाजार में आम की कीमत अधिक मिल रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर अपेक्षाकृत कम दाम दिए जा रहे हैं। उन्होंने अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने की मांग की।

यह भी पढ़ें: मिहिजाम-चित्तरंजन में पुलिस का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में स्नैचर और वाहन चोर गिरफ्तार

एफपीओ और जेएसएलपीएस से समन्वय पर जोर

डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार हो रहे फल उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। उन्होंने लाभुकों को एफपीओ और जेएसएलपीएस के साथ समन्वय स्थापित कर सामूहिक रूप से फल उत्पादों की बिक्री करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को विपणन, संग्रहण और खरीदारों से संपर्क स्थापित कराने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।

Share this news

संबंधित खबरें