Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :चाईबासा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए कई इलाकों में छापेमारी की है। जिला प्रशासन के निर्देश पर गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 9 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 5 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में 1.81 करोड़ की सड़क निर्माण परियोजना पर सवाल, बनने से पहले ही टूटी PCC सड़क
गुवा में छापेमारी, विदेशी शराब और बीयर बरामद
उत्पाद विभाग की टीम ने गुवा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामुदा और कल्याण नगर इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने मौके से करीब 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मंझारी में आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में भी उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। यहां से 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। Chakradharpur थाना क्षेत्र के दण्डासाई और बाराकुली इलाके में भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई है।
झींकपानी में चार अवैध भट्ठियां ध्वस्त
झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान करीब 80 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। इसके अलावा लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post