Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा में करोड़ों रुपये की सड़क परियोजना को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जामताड़ा-दक्षिणबहाल मुख्य सड़क पर करीब 1.81 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डायवर्सन पुल और एप्रोच रोड का हिस्सा निर्माण पूरा होने से पहले ही टूट गया। दक्षिणबहाल जोरिया के पास बनी नई PCC सड़क में गहरी दरारें आने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से पहले ही उसका टूट जाना निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू कर दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार अब “लीपापोती” कर सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।
तीन तस्वीरों ने बढ़ाया विवाद
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूरे मामले की तस्वीरें निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति को उजागर कर रही हैं। पहली तस्वीर में नई बनी सड़क पर गहरी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। दूसरी तस्वीर में मजदूरों द्वारा जल्दबाजी में मरम्मत का काम करते देखा गया, जबकि तीसरी तस्वीर में दरार वाले हिस्से को तोड़कर बराबर करने की कोशिश नजर आई।
यह भी पढ़ें: डीएवी कपिलदेव यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व कर्मचारी दोषी करार
घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पथ निर्माण विभाग की निगरानी में लगभग 700 मीटर लंबे एप्रोच रोड और डायवर्सन पुल का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने कम दर पर टेंडर लेने के कारण निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया और तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया।
विभाग ने दी सफाई
विभागीय अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि सड़क पर भारी वाहन गुजरने के कारण दरारें आई होंगी। हालांकि ग्रामीण इस दलील से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य की सही निगरानी होती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।कार्यपालक अभियंता बिक्की रवीश मुर्मू ने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़कर दोबारा निर्माण करने का निर्देश दिया गया है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है ताकि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके और सरकारी राशि के दुरुपयोग की सच्चाई सामने आ सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।