Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले की बेटियों के लिए बैडमिंटन में करियर बनाने का शानदार अवसर सामने आया है। जिले में नवसृजित आवासीय बालिका बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के लिए चयन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सत्र 2026-27 के लिए खिलाड़ियों का चयन 26 मई से 30 मई तक किया जाएगा। यह प्रतिभा चयन प्रतियोगिता कर्जन स्टेडियम में आयोजित होगी। खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय की ओर से संचालित इस प्रशिक्षण केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिदिन सुबह 7 बजे से होगा।
यह भी पढ़ें :रांची में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट, 23 मई को बूथों पर जारी होगी नई सूची
बैटरी टेस्ट और स्किल टेस्ट के आधार पर होगा चयन
चयन प्रक्रिया खिलाड़ियों की फिटनेस, फुर्ती और खेल कौशल को ध्यान में रखते हुए पूरी की जाएगी। इसके लिए बैटरी टेस्ट और खेल विशेष कौशल परीक्षण आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रशिक्षण केंद्र में शामिल किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं भाग ले सकती हैं। आवेदन करने वाली प्रतिभागियों की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 1 अप्रैल 2016 के बीच होनी चाहिए। साथ ही प्रतिभागी का झारखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया में जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा
प्रतियोगिता में शामिल होने वाली बालिकाओं को अपने साथ आधार कार्ड, पंचायत या नगर निकाय द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और विद्यालय का पहचान पत्र लाना होगा, जिसमें जन्मतिथि अंकित हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी दस्तावेज सही और अपडेट होने चाहिए।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी मुफ्त सुविधाएं
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को विभाग की ओर से कई सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें रहने और खाने की व्यवस्था के साथ खेल किट, खेल उपकरण और अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण शामिल रहेगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रदर्शन के लिए अन्य जरूरी सुविधाएं भी दी जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रखंड, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला खेल कार्यालय और वेबसाइट से मिलेगा आवेदन फॉर्म
इच्छुक प्रतिभागी आवेदन पत्र कर्जन स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय, हजारीबाग से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट से भी आवेदन फॉर्म डाउनलोड किया जा सकता है। चयन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी नीरज कुमार राय, अनुपमा रंजन और विकास कुमार दास से संपर्क कर सकते हैं।
Reporter | Samachar Post