Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से करीब दो महीने पहले लापता हुआ नाबालिग आखिरकार सुरक्षित मिल गया है। रांची पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बरामद किया है, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार नाबालिग पंकज रविदास 6 मार्च 2026 से घर से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद जगन्नाथपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विशेष टीम ने शुरू की थी तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। पुलिस तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि नाबालिग उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद इलाके में हो सकता है। सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई में गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: देशभर में मेडिकल दुकानों की हड़ताल, दवा संकट की आशंका; केंद्र सरकार ने जारी किया अलर्ट
जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग किन परिस्थितियों में गाजियाबाद पहुंचा और क्या इसके पीछे किसी व्यक्ति या गिरोह की भूमिका थी। फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और उसे आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद रांची लाने की तैयारी की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।